धौलादेवी में माँ धूम्रा देवी को चांदी की छत्र अर्पित, नौचंडी महायज्ञ व धार्मिक अनुष्ठान से भक्तिमय हुआ क्षेत्र

धर्म/समाज

धौलादेवी (अल्मोड़ा)। माँ धूम्रा देवी मंदिर, धौलादेवी में आयोजित दो दिवसीय नौचंडी महायज्ञ एवं सामूहिक छत्र अर्पण समारोह का प्रथम दिवस शनिवार 14 नवंबर को बड़े ही भव्य और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। माँ भगवती की असीम कृपा से सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा धौलादेवी क्षेत्र भक्ति-भाव, भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंज उठा।
सुबह 8 बजे श्री गणेश पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। पीले-लाल परिधानों में सजी मातृशक्ति जब सिर पर कलश लेकर चली तो पूरा गांव भक्तिमय हो गया। प्रातः 11 बजे पूर्वांग पूजा, भगवती पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। दोपहर दो बजे शुभ मुहूर्त में माँ के चरणों में सामूहिक छत्र अर्पण किया गया और नौचंडी पाठ का शुभारंभ हुआ। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने माँ के चरणों में छत्र अर्पित किए और माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दृश्य बेहद भावुक और ऐतिहासिक रहा।

इसके पश्चात विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सायंकाल भजन-कीर्तन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें भक्त देर तक भक्ति रस में डूबे रहे। समारोह के द्वितीय दिवस 15 नवंबर रविवार को भी हवन, पूर्णाहुति और भंडारे का आयोजन होगा।

छलिया दल ने बांधा समा
समारोह में अल्मोड़ा से आए छलिया दल की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। प्रातः 8 बजे ही छोलिया दल माँ के मंदिर पहुंच गया था। ढोल-दमाऊं की थाप पर छोलिया नर्तकों ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। छलिया दल जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने भेजा था।

स्थानीय लोगों की रही बढ़-चढ़कर भागीदारी
आयोजन में धौलादेवी सहित आसपास के गांवों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। प्रवास में रहने वाले कई परिवार भी विशेष रूप से इस पावन अवसर पर अपने गांव और माँ के दरबार में पहुंचे। आयोजन समिति के सदस्यों, युवाओं और मातृशक्ति ने व्यवस्था को सुचारू रूप से संभाला। श्रद्धालुओं का कहना था कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि माँ के प्रति सामूहिक श्रद्धा, आस्था, एकता और सेवा-भाव का पावन अवसर था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *