काशीपुर : कभी गिने-चुने परिवारों से शुरू हुआ छठ पर्व अब काशीपुर की सबसे बड़ी पहचान बन गया है। इस बार यह महापर्व अपने 41वें साल में पहुंच गया है। शहर में अब करीब 30 हजार परिवार पूरी श्रद्धा के साथ छठ मनाते हैं।
इस परंपरा की शुरुआत करीब चार दशक पहले हुई थी। उस समय बिहार और पूर्वांचल से आए कुछ परिवार यहां चीनी मिल और सूत मिल में काम करने आए थे। वे अपने साथ अपनी आस्था भी लेकर आए थे। शुरुआत में कुछ ही लोग घाट पर जुटते थे। बाद में मिलें बंद हो गईं, लेकिन छठ का सिलसिला नहीं टूटा।`
`समय के साथ पूर्वांचल और बिहार से और परिवार रोजगार के लिए काशीपुर आए और यहीं बस गए। धीरे-धीरे स्थानीय लोग भी इस पर्व से जुड़ते गए। अब हालात ये हैं कि छठ सिर्फ पूर्वांचलियों का पर्व नहीं रहा। कई गैर पूर्वांचली परिवार भी व्रत रखते हैं और घाटों पर पहुंचते हैं।`
`कई घाटों पर होती है पूजा`
`अब छठ पूजा एक-दो घाटों तक सीमित नहीं है। आलू फार्म, हरिया वाला चौक, सूत मिल, द्रोणसागर, गन्ना मिल और महादेव नगर समेत कई जगहों पर पूजा होती है। महादेव घाट पर पिछले 15 साल से पूजन हो रहा है। समितियों की ओर से घाटों पर सफाई, रोशनी, पानी और सुरक्षा का इंतजाम किया जाता है।`
`शुद्धता है सबसे बड़ा नियम`
`छठ में सबसे ज्यादा जोर शुद्धता पर रहता है। नहाय-खाय से लेकर अर्घ्य तक व्रती हर काम नियम से करते हैं। प्रसाद नए मिट्टी के चूल्हे पर और आम की लकड़ी से बनाया जाता है। घर से घाट तक सफाई का खास ध्यान रखा जाता है। व्रतियों का मानना है कि मन, तन और प्रसाद की शुद्धता के बिना छठ अधूरी है।`
`तीनों लोकों के फलों का अर्घ्य`
`छठ में धरती के नीचे, धरती के ऊपर और पेड़ पर उगने वाले फलों को चढ़ाया जाता है। इसमें सिंघाड़ा, अदरक, हल्दी, मूली के साथ गन्ना, केला, नारियल और सेब शामिल होते हैं। मान्यता है कि इससे धरती, जल और आकाश तीनों की कृपा मिलती है।`
