धौलादेवी (अल्मोड़ा)। मां धूम्रा देवी के पावन दरबार में दो दिवसीय धार्मिक उत्सव रविवार को पूर्णाहुति और भंडारे के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। शनिवार को मां के चरणों में छत्र अर्पण का ऐतिहासिक कार्यक्रम हुआ था, जबकि रविवार को गणेश पूजन, भगवती पूजन, हवन और गोदान के साथ उत्सव का समापन हुआ।रविवार सुबह से ही दरबार में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
प्रातः 7 बजे गणेश पूजन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। प्रातः 8 बजे भगवती पूजन हुआ। प्रातः 9 बजे से हवन शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति दी। दोपहर एक बजे पूर्णाहुति एवं गोदान हुआ। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से भंडारा एवं प्रसाद वितरण शुरू हुआ, जो देर तक चलता रहा।शनिवार को छत्र अर्पण के दौरान भी दरबार में श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला था। श्रद्धालुओं के सहयोग, प्रेम और अपार श्रद्धा से छत्र अर्पण का कार्यक्रम सफल हुआ। आयोजकों ने बताया कि दोनों दिन आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, भाई-बंधु और परिवार सहित श्रद्धालु दरबार में पहुंचे।आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं और सेवकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। कहा कि मां का दरबार हम सबका है और मां के बुलावे पर पूरा क्षेत्र एकत्रित हुआ, यही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है।
दो दिवसीय उत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं ने मां धूम्रा देवी से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सभी के कल्याण की कामना की। पूरा वातावरण “जय मां धूम्रा देवी, जय मां भगवती” के जयकारों से गूंजता रहा।
