काशीपुर। घर के एक छोटे से कमरे से शुरू हुई कोशिश आज काशीपुर के युवाओं के लिए स्वरोजगार का रास्ता दिखा रही है। राधे हरि पीजी कॉलेज की छात्रा श्रेया गौणियाल ने मशरूम उत्पादन को अपना स्टार्टअप बनाया है और अब वे हर महीने अच्छी कमाई कर रही हैं। श्रेया को यह विचार रोजमर्रा की जरूरत से मिला। बाजार में ताजा मशरूम आसानी से नहीं मिलता था। इसी कमी में उन्हें अवसर नजर आया। मशरूम की खेती के लिए ज्यादा जगह भी नहीं चाहिए थी और लागत भी कम थी, इसलिए उन्होंने इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने का फैसला किया। इस सफर में देवभूमि उद्यमिता योजना ने बड़ी भूमिका निभाई। योजना के अंतर्गत श्रेया ने आवासीय बूटकैंप और छह दिन के उद्यमिता प्रशिक्षण में भाग लिया। अहमदाबाद के भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के विशेषज्ञों ने उन्हें कारोबार की योजना बनाना, बाजार को समझना, पैकेजिंग, लेबलिंग और लाइसेंस की प्रक्रिया सिखाई।
20 हजार रुपये का निवेश
दो महीने पहले करीब 20 हजार रुपये से काम शुरू किया। भूसा, बीज और रैक की व्यवस्था की। परिवार का साथ मिला और कॉलेज से मार्गदर्शन। पहला बैच आते ही हौसला बढ़ गया। अब उनका मशरूम स्थानीय दुकानों और घरों तक पहुंच रहा है। हर बैच से उन्हें चार से छह हजार रुपये तक की बचत हो रही है।अब श्रेया अकेली नहीं हैं। उनकी दो सहेलियां पैकेजिंग और बिक्री में हाथ बंटा रही हैं। दो छात्र भी उनसे मशरूम की खेती सीखना चाहते हैं। प्राचार्य डॉ. सुमिता श्रीवास्तव ने श्रेया के प्रयास को सराहा है। कॉलेज में प्रार्थना सभा और कक्षाओं में उनकी कहानी सुनाई जा रही है, ताकि दूसरे विद्यार्थी भी नौकरी खोजने के बजाय रोजगार पैदा करने की सोचें।
