पौड़ी। अब भालू जंगल में नहीं, गांव के घरों तक पहुंचने लगा है। दुगड्डा ब्लॉक के चरेख गांव में शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे भालू ने गांव से सटे खेत में चारा-पत्ती लेने गई 53 वर्षीय अंजना देवी पर हमला कर उन्हें मार डाला। वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं।
चार महिलाएं साथ चारा लेने गई थीं
अंजना देवी अपनी गाय और बछड़ों के लिए चारा लेने चार अन्य महिलाओं के साथ गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में गई थीं। भरी दोपहरी झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटकर ले जाने लगा।
अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान
साथ गई महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया। शोर सुनकर भालू घबराया और घायल अंजना देवी को खेत में ही छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीण घायल महिला को उठाकर चरेख के मुख्य मार्ग तक लाए और वहां से राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भालू के हमले में महिला के गले और पेट पर गंभीर चोटें आई थीं।लंबे समय से दिख रहे दो भालूअंजना देवी गांव में आंगनबाड़ी कार्यकत्री थीं। उनकी मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से दो भालू घूम रहे हैं। इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब भालू के दिन-दहाड़े गांव के पास तक पहुंच जाने से ग्रामीणों में दहशत है।
निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना पर एसडीएम संदीप कुमार और डीएफओ बेस चिकित्सालय पहुंचे। लैंसडाउन वन प्रभाग के प्रभारी डीएफओ तरुण एस ने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार 3 लाख रुपये की तात्कालिक राहत राशि दी गई है। क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और भालू को खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।A bear came close to the house and killed an Anganwadi worker in broad daylight.
