जौलजीबी प्रकरण पर पूर्व सीएम हरीश रावत की प्रतिक्रिया, ‘धामी’ को दी सीख

राजनीति

पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र धारचूला में होने वाले ऐतिहासिक और पारंपरिक मेले का उद्घाटन समारोह इस बार चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्थानीय विधायक हरीश धामी के बीच उपजे विवाद की हर तरफ चर्चा है। दोनों के ही समर्थक इसके अपने निहितार्थ निकाल रहे हैं। इस पूरे प्रकरण पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की फेसबुक पर प्रतिक्रिया आई है। हरदा कह रहे हैं स्थानीय विधायक को अपनी बात कहने का मंच और अवसर दिया जाना चाहिए था। वह इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राजनीतिक सीख देने के साथ कुछ सहनशील बनने की तरफ भी इशारा करते हैं। यहां पढ़ें हरदा का पूरा लेख और अपनी प्रतिक्रिया हमें भेज सकते हैं। ——–

जौलजीबी के अंतर्राष्ट्रीय मेले में मेरी हमेशा दिलचस्पी रही है। मैं सांसद के रूप में भी, मुख्यमंत्री के रूप में भी और भूतपूर्व मुख्यमंत्री के रूप में भी वहाँ जाता रहा हूँ। ये पहली बार है कि शायद इस बार जौलजीबी जाना हो पाएगा या नहीं, ये निर्भर करता है कि सरकार के जो आयोजक हैं, वो आमंत्रित करेंगे या नहीं, ये भविष्य के गर्भ में है। अभी तक तो कोई आमंत्रण मुझे मिला नहीं है।

आज जिस प्रकार का व्यवहार मंच पर हुआ, मैं उससे दुःखी हूँ। स्थानीय विधायक को अपनी बात कहने का अवसर दिया जाना चाहिए था। जब उनकी अध्यक्षता में महोत्सव हो रहा था, तो फिर वो अपनी बात कहें और मुख्यमंत्री के सामने नहीं कहेंगे तो किसके सामने कहेंगे? यूं भी धारचूला में बहुत कम ऐसे काम रह गए हैं जो करने हैं। वहाँ सब काम तो करीब-करीब हरीश धामी करवा चुके हैं। मगर जैसे कलहार की सड़क का मामला है, एकाध दो और सड़कों का मामला है, वो उलझा हुआ है, उनको सुलझाने का कोई सुझाव वो वहाँ पर रखते, तो उनको बात कहने का अवसर भी नहीं दिया और जिस अचानक अप्रत्याशित तरीके से मुख्यमंत्री वहाँ से निकले, उससे हरीश धामी के लिए बड़ी अपमानजनक स्थिति पैदा हो गई।स्थानीय जनप्रतिनिधि हैं, उनकी जनता के सामने उनका अपमान उचित नहीं लगता। मैं यद्यपि कभी भी शब्दों और हाव-भाव की हिंसा का समर्थक नहीं रहा हूँ। मगर हमारी उम्र का आदमी तो संयम रख सकता है, मगर हरीश धामी की उम्र के आदमी से संयम की अपेक्षा नहीं की जा सकती है।

मुख्यमंत्री, राज्य के मुख्यमंत्री हैं। चुनाव ज्यों-ज्यों नज़दीक आएंगे, उनके ऊपर नाना प्रकार के दबाव बढ़ेंगे। यही दबाव झेलना तो राजनीतिक कला है। यदि हम चुनाव से पहले हर जगह सत्ता का दंभ दिखाएंगे, जैसा मुझे ज्ञात हुआ है कि वहाँ के अधिकारी दिखा रहे हैं, डरा रहे हैं हमारे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को, तो ये अच्छा नहीं है। राज्य का वातावरण सौहार्दपूर्ण रहना चाहिए। चुनाव आएंगे, चुनाव जाएंगे, लेकिन आगे भी हमको साथ रहना है।मैं उम्मीद करता हूँ कि जौलजीबी के घटना का सम्मानजनक समापन होगा और हरीश धामी व प्रशासन को सम्मानपूर्वक एक दिन मंच पर बुला करके अपनी बात कहने का अवसर देना चाहिए और उनकी बात का रिकॉर्ड माननीय मुख्यमंत्री के पास भेज देना चाहिए और मैं कांग्रेस के लोगों से भी कहूँगा कि हमें व्यक्ति का सम्मान नहीं करना है, हमें पद का भी सम्मान करना है, क्योंकि पद पर आज कोई है, कल कोई और होगा, तो पद की गरिमा बनी रहे, ये हम सबकी चेष्टा होनी चाहिए।

—–समाप्त—-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *